– FDCM की कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 कटिंग मशीनें जब्त
नागपुर :- फॉरेस्ट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ महाराष्ट्र (एफडीसीएम) उमरेड और दक्षिण उमरेड वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने अवैध सागौन कटाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 3 कटिंग मशीनें और करीब 5 से 6 लाख रुपए कीमत की सागौन लकड़ी जब्त की गई। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान आशीष दयाराम डांगे (26), सुनील दादोजी घरत (45), राहुल विनायक ननावरे (30), अजय देवराव वाघमारे (53), विशाल पांडुरंग घरत (29), सचिन वसंता घरत (33), महेश पांडुरंग घरत (33), निखिल संतोष श्रीरामे (22) और प्रकाश दौलत रोकडे (49) के रूप में हुई है। सभी आरोपी चिमूर और भिसी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई धामणगांव राउंड के खोलदोडा बीट स्थित कक्ष क्रमांक 347 में की गई। वन विभाग को सूचना मिली थी कि सागौन के पेड़ काटकर लकड़ी को दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर 9 लोगों को हिरासत में लिया। इस दौरान एमएच-34/सीजी-6472 और एमएच-34/बीएफ-2348 नंबर के ट्रैक्टर तथा 3 कटिंग मशीनें जब्त की गईं।
5 से 6 घनमीटर लकड़ी जब्त
प्राथमिक जांच में जब्त सागौन की मात्रा करीब 5 से 6 घनमीटर बताई गई है। लकड़ी की लंबाई करीब 100 से 150 सेंटीमीटर है। विभागीय व्यवस्थापक अजिंक्य घाटेकर, सहायक व्यवस्थापक प्रवीण खानंदे, मंगेश गोमासे, किरण पौल, एसएन केंद्रे, अमित पवार, डीडी मेश्राम, एआर मडावी समेत अन्य कर्मचारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26(1)(एच), 41 और 42 तथा महाराष्ट्र वन नियमावली 2014 के नियम 31, 50 और 82 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।








