– धमकी देकर कराया चुप, आरोपी फरार
नागपुर :- नंदनवन थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सक्करदरा निवासी 20 वर्षीय आरोपी समीर शेख के खिलाफ दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के साथ पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की आरोपी से पहचान उसकी सहेली के माध्यम से हुई थी। इसके बाद आरोपी ने पसंद करने की बात कहकर उससे दोस्ती बढ़ाई। आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को नंदनवन परिसर स्थित एफ जोन कैफे में आरोपी ने नाबालिग की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। घटना किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। धमकी के चलते पीड़िता ने शुरुआत में घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में आरोपी द्वारा परेशान करने पर उसने अपने पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने एक सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण संस्था से संपर्क किया। शिकायत के अनुसार, 4 अक्टूबर को आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और उस पर प्रेग्नेंसी किट से जांच करने का दबाव बनाने का प्रयास किया। इसके बाद पीड़िता परिजनों और एनजीओ के साथ नंदनवन थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना कैफे में होने के कारण पुलिस कैफे से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।








