– सेंधमार गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, 5.12 लाख का माल जब्त
नागपुर :- अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में यशोधरानगर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान प्रवीण अनिल वालदे (22), साहिल पवन मेश्राम (20) और आर्यन धर्मपाल भांगे (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और चोरी के चार दुपहिया वाहन सहित कुल 5 लाख 12 हजार 200 रुपये का माल जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो चोरी और चार वाहन चोरी की वारदातों समेत कुल छह अपराधों का खुलासा होने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस के मुताबिक, यशोधरानगर थाना क्षेत्र के गोंड मोहल्ले में रहने वाली 56 वर्षीय यशोदा विश्वनाथ कुंभारे 2 अक्टूबर को अपने घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ गोधनी में अपनी बेटी के घर गई थीं। इस दौरान 2 अक्टूबर की शाम 7 बजे से 3 अक्टूबर की दोपहर 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी से 2 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 4 लाख 87 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर यशोधरानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सबूतों और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद प्रवीण वालदे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी साहिल मेश्राम और आर्यन भांगे के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यशोधरा नगर थाना क्षेत्र में एक अन्य घरफोड़ी तथा शांतिनगर, गिट्टीखदान और कलमना थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई चार दुपहिया गाड़ियां बरामद की गईं। इनमें दो मोपेड, एक यामाहा एफजेड और एक बाइक शामिल हैं। पुलिस ने नकदी और आभूषणों के साथ कुल 5,12,200 रुपये का माल जब्त किया है।
यह कार्रवाई में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह-पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा और सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाड के मार्गदर्शन में यशोधरानगर थाने के थानेदार यूनुस शेख के नेतृत्व में टीम ने की।







