– घर के पीछे और खेत में उगाए थे गांजे के 24 पौधे, 27,260 रुपये का माल जब्त
नागपुर :- नागपुर ग्रामीण पुलिस ने उमरेड थाना क्षेत्र के डवा गांव में अवैध रूप से गांजे की खेती करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के घर के पीछे और खेत से गांजे के कुल 24 पौधे जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 27,260 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को मादक पदार्थ विरोधी पथक को गुप्त सूचना मिली थी कि डवा गांव में दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहे हैं। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा, मादक पदार्थ विरोधी पथक और उमरेड पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने अरुण कन्हैया कुहीकर (50) के घर के पीछे से गांजे के चार पौधे बरामद किए, जबकि उत्तम नथ्थुजी राऊत (40) के खेत से गांजे के 20 छोटे-बड़े पौधे मिले। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में कुल 24 पौधे जब्त किए। इनकी कीमत 26,260 रुपये और एक मोबाइल फोन की कीमत 1,000 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के तथा उमरेड उपविभाग के सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक माधव के मार्गदर्शन में उमरेड के पुलिस निरीक्षक धनाजी जलक, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अंकुश माने और उपनिरीक्षक प्रवीण भिमटे सहित संबंधित पुलिस दल शामिल था।








