– 3 स्थानों पर होगा 763 प्रतिमाओं का विसर्जन
– गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली और कोराडी में व्यवस्था
नागपुर :- दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर महानगरपालिका प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के 763 सार्वजनिक दुर्गा मंडलों की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली और कोराडी स्थित कृत्रिम आरसीसी टैंकों में व्यवस्था की गई है। विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 19 से 24 अक्टूबर तक विशेष इंतजाम किए गए हैं।
महानगरपालिका के घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष की ओर से विसर्जन स्थलों पर 200 से अधिक कर्मचारियों के साथ 12 जेसीबी, पोकलेन, क्रेन और लॉन्ग बूम मशीनें तैनात की गई हैं। विसर्जन के बाद प्रतिमाओं के लकड़ी के ढांचे और अन्य सामग्री को निकालने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। सभी विसर्जन स्थलों पर निर्माल्य संकलन के लिए अलग इंतजाम किए गए हैं।
तीनों स्थानों पर विशेष व्यवस्था
गोरेवाड़ा स्थित आरसीसी टैंक परिसर में चार क्रेन, लॉन्ग बूम और पोकलेन की व्यवस्था की गई है। यहां 10 कर्मचारियों को तीन शिफ्ट में तैनात किया गया है। पुलिस लाइन टाकली में एक क्रेन, जबकि कोराडी में तीन क्रेन के साथ लॉन्ग बूम और पोकलेन उपलब्ध रहेंगे।
महानगरपालिका ने ऑनलाइन अनुमति और पुलिस थानों से प्राप्त अनुमतियों के आधार पर 763 सार्वजनिक मंडलों की सूची तैयार की है। हालांकि, न्यू कामठी नया, जूनी कामठी, खापरखेड़ा, वाड़ी और हिंगना के दुर्गा मंडलों को इस सूची में शामिल नहीं किया गया है।
घरेलू घट विसर्जन के लिए भी इंतजाम:
सार्वजनिक और बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के अलावा घरेलू घट विसर्जन के लिए भी व्यवस्था की गई है। इसके तहत सोनेगांव और गांधीसागर के आरसीसी टैंकों तथा फुटाला स्थित कृत्रिम टैंक में विसर्जन किया जा सकेगा।
महानगरपालिका के मुख्य स्वच्छता अधिकारी एवं घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष के प्रमुख डॉ. गजेंद्र महल्ले के अनुसार, विसर्जन की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारु रखने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। व्यवस्थाओं की निगरानी मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, अतिरिक्त आयुक्त अंकित और मिलिंद मेश्राम तथा उपायुक्त राजेश भगत सहित संबंधित अधिकारी कर रहे हैं।








