– धम्मचक्र प्रवर्तन दिन और दशहरे पर सुबह 5 से सेवा
नागपुर :- धम्मचक्र प्रवर्तन दिन और विजयादशमी (दशहरा) के अवसर पर श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महा मेट्रो नागपुर ने 20 अक्टूबर 2026 को मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस दिन मेट्रो ट्रेनें सुबह 5 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक चलेंगी।
महा मेट्रो के अनुसार, खापरी, ऑटोमोटिव चौक, प्रजापति नगर और लोकमान्य नगर, इन चारों टर्मिनलों से पहली ट्रेन सुबह 5 बजे रवाना होगी, जबकि अंतिम ट्रेन रात 12 बजे रवाना होगी।धम्मचक्र प्रवर्तन दिन पर नागपुर सहित आसपास के क्षेत्रों, अन्य जिलों और राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दीक्षाभूमि पहुंचते हैं। वहीं, दशहरे पर रावण दहन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भी शहर के विभिन्न हिस्सों से नागरिक आते हैं। इन दोनों आयोजनों के चलते यात्रियों की संख्या बढ़ने और भीड़ की संभावना को देखते हुए मेट्रो का संचालन देर रात तक करने का फैसला लिया गया है।
तीन वर्षों से जारी है विशेष व्यवस्था
महा मेट्रो पिछले तीन वर्षों से विशेष अवसरों पर नियमित समय के बाद भी मेट्रो सेवाएं उपलब्ध करा रही है। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलती है। इस वर्ष भी विस्तारित समय-सारणी के जरिए यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।








