– विभिन्न आकर्षक अवधारणाओं और मधुर संगीत के साथ नृत्य का संगम
सचिन चौरसिया, रामटेक :- नवरात्रि के अवसर पर रामटेक शहर के नेहरू मैदान में आयोजित भव्य रास गरबा उत्सव में भक्ति, संगीत और नृत्य का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक मंच, सुसज्जित फ्लोरिंग, ऑर्केस्ट्रा और डीजे की धुनों पर बच्चे, युवतियां और महिलाएं उत्साह के साथ गरबा कर रहे हैं। भगिनी मंडल की ओर से 11 से 20 तारीख तक आयोजित इस उत्सव में प्रतिदिन शाम 7.30 बजे से रात 11 बजे तक बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। इस वर्ष लगातार पांचवें साल आयोजित उत्सव में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं।
शनिवार को आयोजित गरबा कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले यश लारोकर को प्रथम पुरस्कार के रूप में इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई। रामटेक के नगराध्यक्ष बीकेंद्र महाजन, राम डेवलपर के संचालक गजू बिसने तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं, परी काकडे को दूसरा पुरस्कार के रूप में इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई। प्रतिदिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया जा रहा है।
भगिनी मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए भगिनी मंडल की अध्यक्ष ज्योति कोल्लेपारा के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता परिश्रम कर रहे हैं। इनमें कांचनमाला माकडे, सुरेखा उराडे, अर्चना वाघमारे, मीनल भारंबे, शोभा अडामे, प्रीती मोहारे, शारदा आकट और अनारकली ऊईके शामिल हैं।
आयोजन में बिग बॉईज टीम की ओर से अपूर्व कोल्लेपारा, अमय तिडके, अंशुल बघेले, वैभव लोखंडे, प्रणय झाडे, ओम कुल्लरकर, हनी मोहारे, स्तवन माकडे और वेदांत बिसने भी मेहनत कर रहे हैं। नवरात्रि के इन नौ दिनों में आयोजित रास गरबा उत्सव रामटेकवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पारंपरिक संस्कृति, देवी भक्ति और आधुनिक संगीत के मेल से उत्सव का माहौल लगातार उत्साहपूर्ण बना हुआ है।








