spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सह्याद्री’ बचाने सयाजी शिंदे ने उठाई आवाज

– विकास के नाम पर प्रकृति से खिलवाड़ का लगाया आरोप

नागपुर :- विकास के नाम पर सह्याद्री की पर्वत श्रृंखलाओं, घने जंगलों, नदियों और जैव विविधता को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक गड़किलों और प्राकृतिक विरासत को नष्ट करने की साजिश है। यह आरोप अभिनेता एवं पर्यावरण प्रेमी सयाजी शिंदे ने लगाया। उन्होंने नागपुर से देशव्यापी ‘सेव सह्याद्री’ अभियान की शुरुआत करते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

शिंदे ने कहा कि सह्याद्री केवल पर्वत श्रृंखला नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के इतिहास, संस्कृति और अस्मिता का प्रतीक है। छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वराज्य और गड़किलों का सह्याद्री से गहरा संबंध है। ऐसे में इस प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई और पहाड़ों की खुदाई की जा रही है। पेड़ों को विस्थापित करने के बजाय जरूरत पड़ने पर इंसानों के पुनर्वास का विकल्प तलाशना चाहिए। पेड़ों का इतिहास और पर्यावरण में उनका योगदान मानव जीवन से भी कहीं अधिक व्यापक है।

पेड़ कटाई पर सरकार से किया सवाल

शिंदे ने सरकार से सवाल किया कि अब तक कितने पेड़ काटे गए, कितने नए लगाए गए और उनमें से कितने वास्तव में जीवित बचे, इसका स्पष्ट हिसाब क्यों नहीं दिया जाता? उन्होंने आरोप लगाया कि सह्याद्री में विभिन्न परियोजनाओं के नाम पर पेड़ों की कटाई के साथ पहाड़ों और जलस्रोतों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जब तक सरकार पेड़ों की कटाई रोकने का ठोस आश्वासन नहीं देती और उस पर अमल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी पर्यावरण के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगने और सह्याद्री के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Popular Articles