– महाराष्ट्र के पहले सरकारी अस्पताल में मिलेगी सिंगल-एक्सेस सुविधा
नागपुर :- शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), नागपुर में 35 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सिंगल-एक्सेस रोबोटिक सर्जरी प्रणाली स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही जीएमसीएच महाराष्ट्र का पहला सरकारी अस्पताल बनेगा, जहां इस तकनीक से ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध होगी।
वर्तमान में निजी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी का खर्च 5 से 8 लाख रुपये तक आता है, जो आम मरीजों की पहुंच से बाहर है। जीएमसीएच में यह सुविधा शुरू होने के बाद पात्र मरीजों को महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना (एमजेपीजेएवाई) और अन्य सरकारी रियायतों के तहत उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

सिंगल-एक्सेस रोबोटिक सर्जरी में बड़े चीरे के बजाय शरीर पर एक छोटा चीरा लगाकर ऑपरेशन किया जाता है। इसमें विशेष कैमरे और लचीले रोबोटिक उपकरणों की मदद से जटिल अंगों तक पहुंचना आसान होता है। 3डी तकनीक के जरिए सर्जन नसों और रक्त वाहिकाओं को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं, जिससे आसपास के स्वस्थ ऊतकों को नुकसान पहुंचने का खतरा कम हो सकता है। इस प्रक्रिया से रक्तस्राव, संक्रमण और ऑपरेशन के निशान भी कम होने की संभावना रहती है।
इस तकनीक का उपयोग प्रोस्टेट कैंसर, मूत्राशय के ट्यूमर, स्त्री रोग संबंधी बीमारियों तथा लिवर, अग्न्याशय और पेट के ट्यूमर के जटिल ऑपरेशन में किया जा सकेगा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस सुविधा से मध्य भारत के आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आधुनिक उपचार सरकारी अस्पताल में उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। प्रणाली को जल्द से जल्द मरीजों की सेवा में शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।








