spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

जब इब्राहिम ने किया संघ का बचाव

– मोहन भागवत ने 1930 के दशक की घटना का किया जिक्र

नागपुर :- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपनी 100 वर्षों की यात्रा किसी की कृपा से नहीं, बल्कि स्वयंसेवकों के समर्पण, प्रेरणा और निरंतर प्रयासों के बल पर पूरी की है। संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने संघ के शुरुआती दौर की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि 1930 के दशक में जब संघ पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव सामने आया था, तब इब्राहिम नामक एक सदस्य ने इसका विरोध किया था।

संघ की कार्यप्रणाली पर विचार व्यक्त कर रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और जिले के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले उपस्थित थे। अपने संबोधन में आगे भागवत ने कहा कि प्रचारक अपनी व्यक्तिगत आकांक्षाओं और मोह को त्यागकर पूरा जीवन संगठन के कार्यों के लिए समर्पित कर देते हैं। उनके जीवन और कार्यशैली से अन्य स्वयंसेवकों को भी प्रेरणा मिलती है। कई देशों के लोगों को यह जानकर आश्चर्य होता है कि बिना किसी आर्थिक या व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा के लोग अपना पूरा जीवन किसी संगठन के लिए कैसे समर्पित कर सकते हैं। भागवत ने कहा कि संघ के अनेक स्वयंसेवकों ने विभिन्न संस्थाओं की स्थापना की है और उन्हें मजबूत आधार प्रदान किया है। किसी संस्था को खड़ा करना और उसे अगली दो-तीन पीढ़ियों तक टिकाऊ बनाना आसान काम नहीं है। संघ के स्वयंसेवकों ने अपने समर्पण और मेहनत से यह कार्य किया है। कई बार किसी व्यक्ति के योगदान का महत्व उसके साथ रहते हुए समझ में नहीं आता, लेकिन समय के साथ उसके कार्यों की वास्तविक व्यापकता सामने आती है।

क्या था प्रतिबंध का प्रस्ताव?

संघ के शुरुआती दौर की घटना का उल्लेख करते हुए भागवत ने बताया कि 1930 के दशक में सेंट्रल प्रोविंसेस की विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव चर्चा में आया था। उस समय इब्राहिम नामक एक सदस्य ने इसका विरोध किया था। उन्होंने संघ को सांप्रदायिक संगठन मानने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि वे डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को जानते हैं और उनके विचारों के आधार पर संघ पर प्रतिबंध लगाना उचित नहीं होगा।

….समाज और देश के लिए समर्पण ही लक्ष्य

स्वयंसेवकों के जीवन पर बोलते हुए भागवत ने कहा कि उनके जीवन में अहंकार और व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा के बजाय समाज के लिए कार्य करने की भावना प्रमुख होती है। प्रत्येक स्वयंसेवक पूरी तरह इस आदर्श पर खरा उतरे, ऐसा जरूरी नहीं है, लेकिन अधिकांश स्वयंसेवकों का प्रयास इसी दिशा में रहता है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे समाज और देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हैं।

Popular Articles