– सोनिया गांधी का दावा-आमने-सामने आने पर नजरें चुराते हैं पीएम मोदी
नई दिल्ली :- कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों और वैचारिक मतभेदों को लेकर अपनी नई संस्मरण पुस्तक में कई बातें लिखी हैं। उन्होंने दावा किया है कि प्रधानमंत्री मोदी से उनकी कभी वास्तविक बातचीत नहीं हुई। जब भी दोनों आमने-सामने आते हैं, मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया के मुताबिक, दोनों के बीच अब तक केवल औपचारिक अभिवादन और सीमित बातचीत ही हुई है।
सोनिया गांधी ने ये बातें अपनी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में लिखी हैं। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर, संसद में उनके व्यवहार और भारत को लेकर दोनों की अलग-अलग विचारधाराओं पर भी टिप्पणी की है।
अस्पताल से लौटने पर पूछते हैं हालचाल
सोनिया गांधी ने लिखा है कि संसद के प्रत्येक सत्र के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में मिलते हैं। ऐसे मौकों पर प्रधानमंत्री मोदी और उनके बीच केवल औपचारिक अभिवादन होता है। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद अस्पताल से लौटने पर कुछ मौकों पर प्रधानमंत्री ने उनसे स्वास्थ्य के बारे में पूछा था। इस पर उन्होंने भी संक्षिप्त जवाब दिया। इसके अलावा जन्मदिन और नए साल पर औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान होता रहा है।
भारत को लेकर दोनों की सोच अलग
पुस्तक में सोनिया गांधी ने लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी और उनके भारत को देखने का नजरिया एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है। उनके अनुसार, उनका भारत का विचार विविधता, समानता, स्वतंत्रता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित है। वह ऐसे देश की पक्षधर हैं, जहां अलग-अलग जातियों, भाषाओं, संस्कृतियों और धर्मों के लोगों को समान स्थान मिले।
वहीं, सोनिया ने प्रधानमंत्री मोदी की विचारधारा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वैचारिक प्रभाव से जुड़ा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विचारधारा में धर्म और संस्कृति को लेकर एक अलग तरह की प्राथमिकता तथा सामाजिक नियंत्रण पर जोर दिया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों के बीच मतभेद व्यक्तिगत नहीं, बल्कि देश की अवधारणा और विचारधारा को लेकर हैं।
संसद में प्रधानमंत्री के भाषणों पर टिप्पणी
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के संसद में दिए जाने वाले भाषणों की भी आलोचना की है। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री कई बार संसद में भी चुनावी रैलियों जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं और विपक्ष पर तीखे हमले करते हैं। उन्होंने भाजपा और संघ परिवार पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया।
‘कांग्रेस मुक्त भारत’ पर भी उठाए सवाल
सोनिया गांधी ने भाजपा के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के नारे पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने इसे कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों के विरोध से जोड़ते हुए आरएसएस के वैचारिक प्रभाव का परिणाम बताया है। पुस्तक में उन्होंने भारतीय परंपरा की धार्मिक विविधता, महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत और सामाजिक समानता के महत्व का भी उल्लेख किया है।
सोनिया के अनुसार, भारतीय समाज की परंपरा में विभिन्न धार्मिक मान्यताओं और विचारों को स्वीकार करने की गुंजाइश रही है। उन्होंने जातिगत असमानता और सामाजिक शोषण के खिलाफ हुए सुधार आंदोलनों का भी जिक्र किया है।






