– पुलिस आयुक्त की पहल, 8,500 जवानों को एक समान यूनिफॉर्म
नागपुर :- दिवाली पर नागपुर पुलिस के जवानों को इस बार मिठाई और पारंपरिक उपहारों के बजाय एक अनोखा तोहफा मिला है। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने पुलिस बल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एक समान गुणवत्ता का खाकी कपड़ा उपलब्ध कराने की पहल की है। इसके लिए रेमंड के चेयरमैन गौतम सिंघानिया से संपर्क कर 8,500 पीस खाकी कपड़े की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रत्येक पीस 3.5 मीटर का है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1,500 रुपये बताई गई है। हालांकि, विशेष थोक खरीद व्यवस्था के तहत इसे मात्र 500 रुपये प्रति पीस की दर से उपलब्ध कराया गया है। इस पहल का लाभ नागपुर पुलिस के सभी 8,500 अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य पुलिस बल में एकरूपता, समानता और सामूहिक पहचान की भावना को मजबूत करना है। सभी पुलिसकर्मियों को एक जैसी गुणवत्ता का कपड़ा मिलने से उनकी वर्दी में भी एकरूपता आएगी।
अब तक पुलिस कर्मचारी कल्याण निधि के माध्यम से दिवाली पर पुलिसकर्मियों को रंगोली, दीपक और करीब 500 रुपये मूल्य के उपहार दिए जाते थे। लेकिन, इस बार पुलिस आयुक्त ने दैनिक कार्य में उपयोगी और पुलिस बल की पहचान से जुड़े खाकी कपड़े को दिवाली उपहार के रूप में चुना है। पुलिस आयुक्त की इस पहल से पुलिसकर्मियों में उत्साह है। इस बार नागपुर पुलिस की दिवाली मिठाइयों के साथ खाकी वर्दी के खास तोहफे के लिए भी यादगार बन गई है।






