spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सावली फाटे के पास ट्रैवल्स पलटी, 6 यात्री घायल

– ट्रक को ओवरटेक करते समय चालक ने खोया नियंत्रण

नागपुर/सावनेर :-   नागपुर जिले के सावनेर तहसील अंतर्गत सावली फाटे के पास मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंदौर से हैदराबाद जा रही इंटरसिटी कंपनी की वॉल्वो ट्रैवल्स अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में छह यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य 23 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसा बैतूल-सावनेर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 47 पर जैतपुर-सावली शिवार में मंगलवार तड़के करीब 2.10 बजे हुआ। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही केलोद पुलिस और हाईवे पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के इंदौर से तेलंगाना के हैदराबाद की ओर जा रही इंटरसिटी कंपनी की वॉल्वो ट्रैवल्स क्रमांक एमपी-09/ बीएल-9090 में कुल 29 यात्री सवार थे। बस सावली शिवार के पास स्थित मोड़ से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। इसके बाद ट्रैवल्स सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी सीटों से इधर-उधर गिर पड़े, जबकि कुछ यात्रियों ने तत्काल मदद के लिए आवाज लगाई। हादसे में छह यात्रियों को चोटें आईं। घायलों में इंदौर निवासी सुनीता केदार सिंह वर्मा (45), महू निवासी राम सिंह सीताराम राजपूत (44), भोपाल निवासी आयुष शर्मा (24), गोंडा निवासी जमाल पठान (18) और गोंडा उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद शहबाज (22) शामिल हैं। छठे घायल यात्री का नाम फिलहाल सामने नहीं आ सका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर

दुर्घटना की सूचना मिलते ही केलोद पुलिस थाने का दल और हाईवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकालने में सहायता की। इसी दौरान सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड ने भी तत्परता दिखाते हुए अपनी निजी एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंचाई। उन्होंने पुलिस के सहयोग से सभी छह घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सावनेर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।

प्रारंभिक जांच में ट्रक को ओवरटेक करते समय चालक का वाहन से नियंत्रण छूटना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल केलोद पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Popular Articles