– बॉम्बे हाईकोर्ट ने अनुमति देने से किया इनकार
मुंबई :- मुंबई की गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने मिथिला छठ पूजा संघ को फिलहाल राहत देने से इनकार कर दिया है। संघ ने 15 और 16 नवंबर 2026 को चौपाटी पर छठ पूजा समारोह आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। इससे पहले डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन ने 17 सितंबर को आयोजकों के आवेदन को खारिज कर दिया था। इसके बाद संघ ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आयोजन की अनुमति देने की मांग की थी।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत प्रत्येक व्यक्ति को धर्म मानने, उसका पालन करने और प्रचार करने का अधिकार है। हालांकि, धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार पूर्ण नहीं है। यह सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता और स्वास्थ्य से जुड़ी संवैधानिक शर्तों के अधीन है। अदालत ने इन्हीं प्रावधानों का हवाला देते हुए आयोजकों को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया।
शिवसेना ने जताई प्रतिक्रिया
अदालत के फैसले पर शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा कि छठ पूजा एक पारंपरिक धार्मिक पर्व है, जिसका पालन महिलाएं और परिवार वर्षों से करते आ रहे हैं। मुंबई में नदियों की उपलब्धता सीमित होने के कारण समुद्र तट पर पूजा का विशेष महत्व है। इसी वजह से मिथिला छठ पूजा संघ ने गिरगांव चौपाटी पर आयोजन की अनुमति मांगी थी। उन्होंने कहा कि मामला अब न्यायालय के विचाराधीन है, इसलिए सभी पक्षों को अदालत के फैसले का सम्मान करना चाहिए।






