वाशिंगटन, डी.सी. :- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेवर इन दिनों कुछ बदले-बदले नजर आ रहे हैं। रिपब्लिकन पार्टी की ऐतिहासिक चुनावी हार के बाद अब वह डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की बात कर रहे हैं। हालांकि, उनके बयानों में पहले की तरह विरोधाभास अब भी दिखाई दे रहा है। रविवार शाम प्रसारित हुए सीबीएस के चर्चित कार्यक्रम ’60 मिनट्स’ के इंटरव्यू में ट्रंप ने चुनावी हार, ईरान युद्ध, इमिग्रेशन नीति और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने माना कि इमिग्रेशन पर उनकी सरकार की सख्ती कुछ ज्यादा रही, लेकिन चुनाव में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
ट्रंप ने इमिग्रेशन नीति पर अपनी सरकार के रुख में नरमी के संकेत दिए। उन्होंने स्वीकार किया कि अवैध प्रवासियों के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई काफी अलोकप्रिय रही है। खासतौर पर ऐसे प्रवासियों के मामले में, जो बिना किसी गंभीर अपराध के 10 साल या उससे अधिक समय से अमेरिका में रह रहे हैं। ट्रंप के मुताबिक, इस मामले में उनकी सरकार की कार्रवाई जरूरत से ज्यादा कठोर हो सकती थी।
हालांकि, अपने राजनीतिक विरोधियों को लेकर उनका रवैया अब भी सख्त है। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि वह अपने कुछ दुश्मनों से नफरत करते हैं और शायद आगे भी करते रहेंगे। ट्रंप ने कहा, “मैं सच में अपने कुछ दुश्मनों से नफरत करता हूं और हमेशा करता रहूंगा।”
ईरान युद्ध पर ट्रंप ने अपने फैसले को सही बताया
रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पिछले सप्ताह ईरान युद्ध को भी एक बड़ी वजह बताया था। इस मुद्दे पर ट्रंप ने वेंस की बात का पूरी तरह विरोध नहीं किया, लेकिन अपने फैसले को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि वेंस प्रशासन की निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा थे और अगर उन्हें दोबारा ऐसा फैसला लेना पड़े तो उनका जवाब हां ही होगा। ट्रंप ने बताया कि ईरान युद्ध को लेकर लेख लिखने से पहले वेंस ने उनसे बातचीत की थी। वेंस ने उनसे पूछा था कि उन्हें क्या लिखना चाहिए। इस पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें जो सही लगे, वही लिखें। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उन्होंने वेंस के पूरे लेख को विस्तार से नहीं पढ़ा था।






