नागपुर :- अडाणी ग्रुप में वेल्डर के रूप में काम दिलाने और अधिकृत वेल्डर को व्यवसाय उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक कारोबारी से 9 लाख 61 हजार 208 रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी ई-मेल और व्हाट्सएप नंबर के जरिए कारोबारी को अपने जाल में फंसाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनेगांव थाना क्षेत्र के स्वावलंबी नगर स्थित इंद्रप्रस्थ लेआउट निवासी सुमेत वसंतराव पुणतांबेकर (61) का किन्ही-धानोली-कवडस रोड, तहसील हिंगना में फैब्रिकेशन का कारखाना है। उनके एप्पल कंपनी के मैकबुक लैपटॉप पर एक ई-मेल आया, जिसमें आरोपियों ने खुद को अडाणी ग्रुप का प्रतिनिधि बताते हुए उन्हें वेल्डर के रूप में काम देने का प्रस्ताव दिया। साथ ही मान्यता प्राप्त वेल्डर को व्यवसाय उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस प्रस्ताव पर विश्वास करते हुए पुणतांबेकर ने ई-मेल के जरिए भेजे गए फॉर्मेट में अपनी कंपनी की जानकारी भरकर भेज दी। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें 8796150356 नंबर का व्हाट्सएप संपर्क दिया। आरोपियों के कहने पर उन्होंने सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर 3 लाख 27 हजार 500 रुपये एनईएफटी के माध्यम से ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपियों ने एक और ई-मेल भेजकर 72 घंटे के भीतर खाते में रकम वापस जमा होने का भरोसा दिया और 6 लाख 33 हजार 708 रुपये दोबारा ट्रांसफर करने को कहा। उनके झांसे में आकर फरियादी ने यह रकम भी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते में जमा कर दी। आरोपियों ने 4 नवंबर 2026 को अहमदाबाद में मीटिंग तय होने की जानकारी दी थी। फरियादी जब निर्धारित स्थान पर पहुंचे और अधिकारियों से पूछताछ की, तो उन्हें ऐसी किसी मीटिंग की जानकारी ही नहीं होने का पता चला। इसके बाद उनके साथ हुई धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इस तरह आरोपियों ने फर्जी ई-मेल और ऑनलाइन लेनदेन के जरिए कुल 9 लाख 61 हजार 208 रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी की।





