– तीन DCP समेत कई ACP के तबादले, माकणीकर को परिमंडल-5 की कमान
नागपुर :- शहर के पुलिस महकमे में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। तीन पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में मुख्यालय के डीसीपी राहुल माकणीकर को परिमंडल-5 की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, परिमंडल-5 के डीसीपी नित्यानंद झा को दोबारा परिमंडल-2 में भेजा गया है, जबकि अन्नपूर्णा सिंह को पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राहुल माकणीकर अनुभवी पुलिस अधिकारी हैं। इससे पहले वे डिटेक्शन सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वहीं, अन्नपूर्णा सिंह ने नागपुर में अपनी नियुक्ति के बाद परिमंडल-2 की जिम्मेदारी संभाली थी। नित्यानंद झा इससे पहले भी परिमंडल-2 में कार्यरत रह चुके हैं। बाद में उन्हें परिमंडल-5 की जिम्मेदारी दी गई थी और अब एक बार फिर उन्हें परिमंडल-2 भेजा गया है।
कई एसीपी के भी तबादले
डीसीपी के अलावा शहर के कुछ सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत कोतवाली के एसीपी शिवप्रसाद पारवे को सदर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सक्करदरा के एसीपी महेश चव्हाण को लकड़गंज भेजा गया है, जबकि सीताबर्डी के एसीपी सुनील सिंह पवार अब कोतवाली क्षेत्र की कमान संभालेंगे।
पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद अब संबंधित अधिकारियों के सामने अपने नए कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को बेहतर बनाए रखने की चुनौती होगी।






