– रॉकेट और स्काई शॉट पर 30 नवंबर तक प्रतिबंध, आग की घटनाओं के बाद जारी आदेश
नागपुर :- दिवाली की आतिशबाजी से शहर की हवा प्रदूषित हुई और आग की 42 से अधिक घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। धुएं के गुबार और आगजनी की घटनाओं के बाद अब नागपुर महानगरपालिका प्रशासन को रॉकेट और स्काई शॉट जैसे हवाई पटाखों से होने वाले खतरे की याद आई है। मनपा प्रशासन ने अब 30 नवंबर तक शहर के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में ऐसे पटाखे चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, सवाल यह है कि जिन खतरों का अंदेशा पहले से था, उन्हें रोकने के लिए दिवाली से पहले ही ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए?
लक्ष्मीपूजन के दिन शहर में 24 घंटे के भीतर 42 से अधिक आग की घटनाएं सामने आई थीं। कई स्थानों पर रॉकेट और स्काई शॉट से निकली जलती हुई चिंगारियों के कारण आग लगने की आशंका जताई गई। इमारतों की छतों, झोपड़पट्टियों, भंगार दुकानों, गोदामों और वाहनों में ऐसी चिंगारियां गिरने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नागपुर की घनी आबादी, संकरी गलियां और व्यावसायिक इलाकों की स्थिति को देखते हुए यह खतरा पहले से स्पष्ट था।
इन स्थानों पर लगाया प्रतिबंध
मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। इसके अनुसार इमारतों की छतों, बालकनी, रिफ्यूज एरिया, संकरी सड़कों, झोपड़पट्टियों, घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्रों, बाजारों और पार्किंग स्थलों पर रॉकेट, स्काई शॉट सहित हवा में उड़ने वाले पटाखे चलाने पर रोक रहेगी। यह आदेश शहर में 30 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा।
उल्लंघन किया तो होगी कार्रवाई
आदेश का पालन कराने की जिम्मेदारी नागपुर पुलिस आयुक्तालय और मनपा के अग्निशमन विभाग को सौंपी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 से 60 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 के संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






