– ओबीसी बैकलॉग पर सरकार सख्त
– बावनकुले ने दिए सटीक आंकड़े जुटाने के निर्देश, छात्रावासों का काम भी तेज
नागपुर :- सरकारी नौकरियों में ओबीसी के बैकलॉग का सटीक आकलन किया जाएगा। ओबीसी मंत्रिमंडलीय उपसमिति के अध्यक्ष एवं राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने संबंधित विभागों को रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मंत्री छगन भुजबल और गणेश नाईक ने ओबीसी के वास्तविक बैकलॉग का आंकड़ा सामने लाने की मांग की थी।
बावनकुले ने बताया कि राज्य में स्वीकृत 7 लाख 35 हजार 573 सरकारी पदों में से 5 लाख 10 हजार 824 पद भरे हुए हैं, जबकि 2 लाख 24 हजार 749 पद रिक्त हैं। इनमें ओबीसी के कितने पद खाली हैं, इसकी सटीक जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य के 36 जिलों में ओबीसी छात्र-छात्राओं के छात्रावासों और ‘महाज्योति’ कार्यालयों के लिए एक रुपये की सांकेतिक दर पर जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।
शेष छात्रावासों के लिए जल्द जमीन होगी उपलब्ध
अब तक 22 जिलों में जमीन मिल चुकी है, जबकि शेष 14 जिलों में एक महीने के भीतर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। मुंबई के गोरेगांव-आरे स्थित न्यूजीलैंड छात्रावास की 80 कमरों वाली इमारत ओबीसी छात्रावास के लिए लेने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे करीब 150 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था होगी। पुणे में भी एकीकृत छात्रावास परिसर प्रस्तावित है।
बैठक में सीबीएसई और आईसीएसई पाठ्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज और महात्मा ज्योतिबा फुले से संबंधित जानकारी शामिल करने के निर्देश दिए गए। महात्मा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों के माध्यम से 21 विशेष उपक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही, सूखा निवारण की विभिन्न योजनाओं को महात्मा फुले का नाम देने का निर्णय लिया गया। बैठक में मंत्री छगन भुजबल, गणेश नाईक, अतुल सावे और संजय राठौड़ सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।






