spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

गड़चिरोली में दो सड़क हादसे, 4 की मौत,2 गंभीर

– आष्टी में दो बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत, कठाणी नदी पुल के पास दो मजदूरों ने गंवाई जान

गड़चिरोली :- जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली दुर्घटना आष्टी-चामोर्शी मार्ग पर हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में डाककर्मी समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी दुर्घटना गड़चिरोली-आरमोरी मार्ग पर कठाणी नदी पुल के पास हुई, जिसमें दो मजदूरों की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार आष्टी में चामोर्शी मार्ग स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अनखोड़ा निवासी डाककर्मी राजू येलमुले और रवींद्रपुर निवासी श्याम बिस्वास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राजू का बेटा संदीप येलमुले गंभीर रूप से घायल हो गया। डाककर्मी राजू येलमुले अपने बेटे संदीप के साथ मोटरसाइकिल से अनखोड़ा से आष्टी जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे श्याम बिस्वास की मोटरसाइकिल से उनकी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने चल रहे एक ट्रक के अचानक मुड़ने से श्याम बिस्वास का संतुलन बिगड़ गया था। घटना की सूचना मिलते ही आष्टी पुलिस थाने के निरीक्षक महेंद्र वाघ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों की मदद से घायल संदीप को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के कारण उसे चंद्रपुर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कठाणी नदी पुल के पास दो मजदूरों की मौत

दूसरी दुर्घटना 7 नवंबर की शाम करीब 7 बजे गड़चिरोली-आरमोरी मार्ग पर कठाणी नदी पुल के पास हुई। तेज रफ्तार सफेद रंग के अज्ञात चारपहिया वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे और वे काम खत्म कर गड़चिरोली से अपने गांव डोंगरसावंगी लौट रहे थे।

इस हादसे में डोंगरसावंगी निवासी मनोज शामराव सोनटक्के (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानिक मुरलीधर कांबले (40) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे व्यक्ति कृष्णा अरुण घुटके (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चारपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल कृष्णा घुटके की शिकायत पर गड़चिरोली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

Popular Articles