– 22 नागरिकों की हत्या; 10 से अधिक अगवा
– इबोला संक्रमण रोकने के अभियान पर भी संकट
इतुरी :- अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) से जुड़े विद्रोहियों ने भीषण हिंसा को अंजाम दिया है। युगांडा सीमा के पास स्थित इतुरी प्रांत के कई गांवों में पिछले दो दिनों के दौरान किए गए हमलों में कम से कम 22 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया गया। हमलावरों ने कई घरों और मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया। घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
स्थानीय नागरिक संगठनों और मानवाधिकार समूहों के अनुसार, विद्रोहियों ने इतुरी प्रांत के मंबासा क्षेत्र में आठ अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया। इन हमलों के पीछे एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (एडीएफ) का हाथ बताया जा रहा है। यह संगठन लंबे समय से कांगो के पूर्वी हिस्से में सक्रिय है और लगातार आम नागरिकों को निशाना बनाता रहा है। स्थानीय नागरिक संगठन की समन्वयक मैरी-नोएल अनातोबे के अनुसार, मृतकों की संख्या शुरुआती है और इसमें बढ़ोतरी की आशंका है। हमलावरों ने लोगों की हत्या करने के साथ कई अन्य लोगों को अगवा किया और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया।
दुर्गम इलाकों में सुरक्षा बलों के सामने चुनौती
हमले युगांडा सीमा के नजदीक स्थित ऐसे गांवों में हुए हैं, जहां पहुंचना काफी मुश्किल है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सुरक्षा बलों के लिए प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचना और विद्रोहियों पर प्रभावी कार्रवाई करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
मंबासा के उप प्रशासक कर्नल मैक्सिमे तिशिशिम्बी ने कहा है कि विद्रोहियों की गतिविधियों पर नियंत्रण पाने के लिए सुरक्षा बल लगातार प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि हमलों के दौरान समय पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी नहीं होने से आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
इबोला संक्रमण रोकने का अभियान प्रभावित
इतुरी प्रांत में इबोला संक्रमण को नियंत्रित करने के प्रयासों के बीच इन हमलों ने स्वास्थ्य सेवाओं की चिंता बढ़ा दी है। हिंसाग्रस्त और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्यकर्मियों की आवाजाही, मरीजों तक चिकित्सा सहायता पहुंचाने और संक्रमण की निगरानी में बाधाएं निर्माण हो सकती हैं। इससे संक्रमण नियंत्रण अभियान प्रभावित होने की आशंका है।






