काठमांडू :- नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। काठमांडू से हेटौंडा जा रही यात्रियों से भरी एक ईवी हाइस वैन भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी के पास अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक समेत 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 10 यात्रियों की क्षमता वाली वैन में चालक समेत 15 लोग सवार थे। मृतकों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी यात्री सर्लाही जिले के सुन्दरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ होगा। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





