– शरीर गोलियों से छलनी, हथियार भी गायब
जम्मू-कश्मीर :- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मारवाह के जंगल में बुधवार शाम को लापता हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो एसपीओ के शव मिले हैं। दोनों शव गोलियों से छलनी हैं और उनके हथियार गायब थे। दोनों आर्मी के साथ इलाकें में सर्चिंग के लिए गए थे। जब वह लापता हुए थे, तब जंगल से फायरिंग की आवाजें भी सुनाई दी थीं। मृतक जवानों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है।
दोनों एसपीओ के लापता होने के दौरान इसी इलाके में एयरटेल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई थी। एयरटेल कंपनी ने इसी साल 10 मार्च को मरवाह इलाके में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।
अक्टूबर में लापता एसपीओ का शव मिला था
15 अक्टूबर 2026 को एसपीओ बशीर अहमद किश्तवाड़ के त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से सर्विस राइफल के साथ लापता हुए थे। अगले दिन 16 अक्टूबर को उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा मिला। 19 अक्टूबर को पुलिस ने इस हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।






