– 12 वर्षीय बालक समेत दो की मौत, एक गंभीर घायल
नागपुर :- नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। देवलापार थाना क्षेत्र के चोरबाहुली परिसर में रात करीब 10 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 12 वर्षीय बालक और 29 वर्षीय युवक की जान चली गई। इस घटना से रामटेक के विनोबा भावे वार्ड में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों की पहचान सौरव अनंतराम वाढीवे (12) और अजय मधुकर कृपाले (29) के रूप में हुई है। वहीं, सुनील मानिकराव गजाम (32) गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों रामटेक के विनोबा भावे वार्ड के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील गजाम अपने भांजे सौरव और मित्र अजय कृपाले के साथ होंडा शाइन बाइक से फुलझरी से रामटेक लौट रहे थे। इसी दौरान चोरबाहुली परिसर में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर तीनों को तत्काल रामटेक उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सौरव और अजय को मृत घोषित कर दिया। सुनील की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है। देवलापार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थानेदार नारायण तुरकुंडे के मार्गदर्शन में राकेश नलगुंडवार मामले की आगे जांच कर रहे हैं।






