सोनी सब अपने दर्शकों के लिए हंसी, जादू और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर नया शो ‘चुड़ैल चली ससुराल’ लेकर आ रहा है। इस शो में अभिनेत्री हिबा नवाब उर्वशी और अधिक मेहता आरव पटेल की भूमिका में नज़र आएंगे। कहानी एक ऐसी दयालु चुड़ैल उर्वशी की है, जो जादुई दुनिया छोड़कर इंसान से शादी कर सामान्य पारिवारिक जीवन जीना चाहती है। लेकिन उसकी जादुई शक्तियां और मानवीय तौर-तरीकों से अनजान होना अक्सर मजेदार परिस्थितियां पैदा करता है।
शो में अभिनेत्री राखी विजन उर्वशी की मां कामिनी का किरदार निभाएंगी। कामिनी चुड़ैल जगत की सबसे शक्तिशाली और शाही चुड़ैलों में से एक है। उसे अपनी जादुई विरासत पर गर्व है और वह बेटी के इंसान से शादी करने के फैसले से बिल्कुल खुश नहीं है। वह हर हाल में उर्वशी को वापस चुड़ैल जगत में लाना चाहती है। इसके लिए वह कभी प्यार से तो कभी अपनी जादुई शक्तियों और चालाकियों से कोशिश करती नज़र आएगी।
अपने किरदार को लेकर राखी विजन ने कहा कि कॉमेडी हमेशा से उनके दिल के करीब रही है। इस शो के जरिए उन्हें अपने पसंदीदा जॉनर में वापसी का मौका मिला है। उनके मुताबिक, कामिनी का शाही और सख्त अंदाज भले ही मजेदार टकराव पैदा करता हो, लेकिन उसके पीछे बेटी के प्रति प्यार और चिंता छिपी है। शो जल्द ही सोनी सब पर प्रसारित होगा।






