– 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी
दिल्ली :- CBI ने ये तलाशी मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर के खुलासों के आधार पर की है। सौरभ चंद्राकर को ओमान सल्तनत से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। वो इस प्लेटफॉर्म के प्रमुख प्रमोटरों में से एक है।
तलाशी के दौरान सट्टेबाजी और जुए के कई पैनल संचालित होते हुए पाए गए, जिन्हें बंद करा दिया गया। जांच एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है।
6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी
महादेव ऐप मामले में 6 राज्यों में CBI की छापेमारी जारी है। जिनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर के नाम शामिल हैं। बता दें कि छापेमारी के दौरान की जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए भी मिले।
ओमान से प्रत्यर्पित सौरभ चंद्राकर से पूछताछ हुई
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर 2026 को CBI ने गिरफ्तार किया था। रायपुर स्थित CBI मामलों के विशेष न्यायाधीश ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में CBI को सौंपने का आदेश दिया था। पूछताछ में सौरभ ने प्लेटफॉर्म के कामकाज और भारत में उसके पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां दीं। जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी उससे पूछताछ की गई।
विदेश से संचालित होता था सट्टेबाजी का नेटवर्क
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से जांच CBI को सौंपे जाने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। अब तक की जांच में सामने आया है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से अपने मुख्य कार्यालय (हेड ऑफिस) के जरिए संचालित किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों के बड़े नेटवर्क के माध्यम से इसका संचालन होता था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टेबाजी से प्राप्त रकम ऐसे बैंक खातों में जमा करते थे, जिन्हें विशेष रूप से दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाया जाता था या किराये पर लिया जाता था। इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला चैनलों के माध्यम से विदेश भेजी जाती थी।






