दुनियाभर में छप्परफाड़ कमाई कर रही रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण: पार्ट 1’ इंडोनेशिया के सिनेमाघरों में भी पहुंच गई है. ओपनिंग डे पर दोपहर 2:30 बजे तक (जकार्ता टाइम) फिल्म के करीब 17 हज़ार टिकटों की बुकिंग हुई है, जिससे माना जा रहा है कि फिल्म वहां के मार्केट में अच्छा बिजनेस कर सकती है. इंडोनेशिया में लंबे वक्त से शाहरुख खान की फैन फोलोइंग तगड़ी देखी गई है. उनकी फिल्में वहां अच्छा बिज़नेस करती हैं. इंडोनेशिया भले ही मुस्लिम बहुल देश है, लेकिन सांस्कृतिक रूप से इस देश का भारत से खास जुड़ाव रहा है. ‘रामायण’ का तो वहां के लोगों पर गहरा प्रभाव रहा है ऐसे में फिल्म के बिज़नेस पर इसका असर हो सकता है.
रामायण इंडोनेशिया के लिए खास है. वहां के कलाकार ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ जैसे महाकाव्यों का मंचन भी सालों से करते रहे हैं. मुस्लिम कलाकार भी इन किरदारों को निभाते हैं. इसके अलावा भी इंडोनेशिया और हिंदू धर्म का कई तरह का कनेक्शन सामने आता है. वहां 9वीं शताब्दी में बने मशहूर बोरबुदुर (बौद्ध मंदिर) और प्रम्बनन मौजूद है. वहां की मुद्रा पर भगवान गणेश का चित्र भी अंकित है.
इंडोनेशिया में ऐतिहासिक तौर पर शाहरुख खान बेहद प्रचलित रहे हैं. साल 2001 में शाहरुख की ‘कुछ कुछ होता है’ वहां रिलीज़ हुई थी और खूब पसंद की गई थी. साल 2010 में किंग खान की ‘माई नेम इज खान‘ भी इंडोनेशिया में रिलीज़ की गई थी. इस फिल्म ने वहां उस वक्त 1.72 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था. रिपोर्ट के मुताबिक ये फिल्म इंडोनेशिया में भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पिक्चर है.






