spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

महादेव ऐप का नेटवर्क बेनकाब!

– नागपुर समेत 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी, कई पैनल बंद

– सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले सुराग

रायपुर :- महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के कई पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें बंद करा दिया गया। तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए अवैध रकम के लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।

सीबीआई की यह कार्रवाई मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई। उसे ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। जांच एजेंसी को उसके माध्यम से भारत में फैले सट्टेबाजी नेटवर्क और पैनल संचालकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

नागपुर सहित कई शहरों में छापेमारी

सीबीआई ने छह राज्यों में एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी वाले शहरों में अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं। विभिन्न ठिकानों पर तलाशी के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल सक्रिय पाए गए। जांच एजेंसी ने इन गतिविधियों को बंद कराते हुए संबंधित डिजिटल सबूत और दस्तावेज जब्त किए हैं।

ओमान से प्रत्यर्पित हुआ था सौरभ चंद्राकर

महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद सीबीआई ने उसे गिरफ्तार किया। रायपुर स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने पूछताछ के लिए उसे आठ दिनों की पुलिस हिरासत में सौंपने का आदेश दिया था।

पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर से ऐप के संचालन, भारत में सक्रिय पैनल संचालकों और सट्टेबाजी के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई। जांच एजेंसी ने उसके बयानों का मिलान दस्तावेजी और डिजिटल सबूतों से भी किया।

विदेश से संचालित होता था सट्टेबाजी का नेटवर्क

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप का मुख्य संचालन विदेश से किया जाता था, जबकि भारत में स्थानीय पैनल संचालकों के जरिए इसका नेटवर्क चलाया जाता था। ये पैनल संचालक ग्राहकों को ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए आईडी उपलब्ध कराते थे और उनसे प्राप्त रकम ऐसे बैंक खातों में जमा करवाते थे, जो कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाए गए थे या किराये पर लिए गए थे। इसके बाद अवैध कमाई को हवाला नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजे जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में आरोपी

पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

Popular Articles