spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पटाखों के धुएं से शहर की हवा जहरीली

– पंचमी की आतिशबाजी ने बढ़ाई परेशानी, महल में पीएम 2.5 का स्तर 436 तक पहुंचा

नागपुर :- दिवाली के बाद पंचमी पर हुई आतिशबाजी ने नागपुर की हवा का दम घोंट दिया। पटाखों से निकले धुएं और सूक्ष्म धूलकणों के कारण शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता तेजी से बिगड़ गई। रामनगर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 205 तक पहुंच गया, जबकि महल में पीएम 2.5 का स्तर खतरनाक रूप से बढ़कर 436 दर्ज किया गया। प्रदूषण के इस बढ़ते स्तर ने खासकर सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की चिंता बढ़ा दी है।

पंचमी की रात हुई आतिशबाजी का असर शनिवार और रविवार को शहर की हवा में साफ दिखाई दिया। रामनगर में पीएम 2.5 का स्तर 341 और पीएम 10 का स्तर 202 दर्ज किया गया। वहीं, महल में एक्यूआई 200 रहा। यहां पीएम 2.5 का स्तर 436 और पीएम 10 का स्तर 406 तक पहुंच गया। हवा में सूक्ष्म कणों की इतनी अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा

शहर के अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ रहा। अंबाझरी में एक्यूआई 177 और सिविल लाइंस में 184 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि आतिशबाजी का असर केवल कुछ इलाकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर के अधिकांश हिस्सों की हवा प्रभावित हुई।

पहले से ही वाहनों के धुएं, सड़कों की धूल और सर्दियों के दौरान प्रतिकूल मौसम के कारण नागपुर में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। ऐसे में पटाखों से निकले धुएं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। बढ़ते प्रदूषण से दमा और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Popular Articles