– नागपुर-अमरावती हाईवे पर खापरी के कोलकाता ढाबे के सामने हादसा; दो गंभीर
नागपुर/ कोंढाली :- नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर खापरी क्षेत्र में कोलकाता ढाबे के सामने तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गई और सड़क किनारे बाइक के पास खड़े तीन लोगों को टक्कर मारते हुए करीब 50 से 75 मीटर तक घसीट ले गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार तीन पलटियां खाते हुए हाईवे किनारे करीब 15 से 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक एमएच 01/ बीके 5361 नागपुर से अमरावती की ओर जा रही थी। खापरी शिवार स्थित कोलकाता ढाबे के सामने चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची और वहां बाइक क्रमांक एमएच 40/बीयू 6993 के पास खड़े तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सहित काफी दूर तक घिसट गए। हादसे में चंदनपर्डी निवासी देविदास खवंसे (45) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, जूनापानी निवासी शामसुंदर ढोबले (62) और वाघोडा, तहसील कारंजा घाडगे निवासी प्रल्हाद गिराले गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल कोंढाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
कार सवार चारों युवक सुरक्षित
तीन लोगों को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार चारों युवकों को मामूली चोटें आने की प्रारंभिक जानकारी है। इनमें शांतिनगर, नागपुर निवासी अनिकेत दिलदार ठाकरे, शुभम वाघमारे, शुभम गजभे और शंकर पटेल, तीनों नागपुर निवासी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोंढाली पुलिस और हाईवे सुरक्षा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण छूटना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






