मुंबई :- बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने एक बार फिर भारतीय सिनेमा का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अभिनेता को दुनिया के 100 बेहतरीन फिल्मी सितारों की सूची में जगह मिलने की खबर सामने आई है।
इस सूची में शाहरुख खान 92वें स्थान पर बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस लिस्ट में शामिल होने वाले वह इकलौते भारतीय अभिनेता हैं।
शाहरुख खान के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने टेलीविजन से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद फिल्म ‘दीवाना’ से बड़े पर्दे पर कदम रखा और देखते ही देखते हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय सितारों में शामिल हो गए।
तीन दशक से ज्यादा के करियर में उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम किया है। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘देवदास’, ‘चक दे इंडिया’ और ‘स्वदेश’ जैसी फिल्मों ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई।
साल 2023 में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ के जरिए उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार वापसी की।
इस उपलब्धि के साथ उनके बेटे आर्यन खान की भी चर्चा हो रही है। आर्यन ने अपनी डायरेक्टोरियल सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के जरिए मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है।
अब शाहरुख खान अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आने वाली हैं।






