– अश्लील इशारे कर ग्राहकों को आकर्षित करने का आरोप
नागपुर :- शहर के लकड़गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा-जमुना रेड लाइट एरिया में पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाडे के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ इलाके में अचानक छापेमारी की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कथित तौर पर अश्लील हावभाव और इशारे कर ग्राहकों को आकर्षित करने के आरोप में 6 महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने गंगा-जमुना के सीमेंट रोड और आसपास की गलियों में अभियान चलाया। पुलिस की अचानक दबिश से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई महिलाएं पुलिस को देखकर गलियों में भागती नजर आईं। कार्रवाई के बाद अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट) के तहत 3 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।
ऑटो चालकों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने केवल अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों पर भी कार्रवाई की। गंगा-जमुना सीमेंट रोड पर सड़क किनारे अनधिकृत रूप से ऑटो खड़े कर यातायात बाधित करने वाले चालकों के खिलाफ 2 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं।
इस तरह पुलिस के विशेष अभियान में कुल 5 मामले दर्ज किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से गंगा-जमुना क्षेत्र में हड़कंप मच गया।






