– मकान मालिक के घर में की चोरी, 5 घंटे में पुलिस ने दबोचा
नागपुर :- गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने और कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत एक युवक को अपराध की दुनिया में ले गई। कलमना थाना क्षेत्र के ओमनगर में एक पूर्व किराएदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुराने मकान मालिक के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने चोरी के बाद घर का ताला तक बदल दिया, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, कलमना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 5 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी गौरव सचिन पालीवाल पहले फरियादी निशांत भाटी के मकान में किराए से रह चुका था। इस वजह से उसे घर की बनावट और परिवार की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। भाटी अपने परिवार के साथ उज्जैन दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान इलाके में रहने वाले देवेंद्र उर्फ दादू किशोरीलाल साहू ने घर खाली होने की जानकारी गौरव को दी। इसके बाद गौरव ने अपने साथियों देवेंद्र और वेदप्रकाश उर्फ छोटू के साथ मिलकर घर को निशाना बनाया। आरोपियों ने अलमारी से सोने का हार, झुमके और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने घर का ताला भी बदल दिया, ताकि चोरी का तुरंत पता न चल सके।
बदला हुआ ताला देख खुला चोरी का राज
उज्जैन से लौटने के बाद निशांत भाटी ने घर का बदला हुआ ताला देखा तो उन्हें संदेह हुआ। भीतर जाकर जांच करने पर अलमारी से जेवरात गायब मिले। इसके बाद उन्होंने कलमना पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में रात करीब 1 से 1.30 बजे के बीच दो संदिग्ध दिखाई दिए।
गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गौरव पालीवाल और देवेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के चोरी हुए आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया।
पूछताछ में गर्लफ्रेंड के शौक का खुलासा
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी गौरव ने बताया कि उसे अपनी गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने के लिए पैसों की जरूरत थी। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में उसने चोरी का रास्ता चुना। दोनों गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। फिलहाल, तीसरे आरोपी वेदप्रकाश उर्फ छोटू की तलाश जारी है।






