spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का शर्मनाक मामला

– तीन जूनियर छात्रों को किया प्रताड़ित, चार के खिलाफ मामला दर्ज

नागपुर :- डॉक्टर बनने का सपना लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे विद्यार्थियों को रैगिंग के नाम पर अपमानित और प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। नागपुर के अजनी पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित एक मेडिकल कॉलेज के बीडीएस प्रथम वर्ष के तीन विद्यार्थियों के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने जूनियर विद्यार्थियों से कपड़े उतरवाए, उन्हें मुर्गा बनाया और लड़कियों के कपड़े पहनने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, उन्हें सीनियर्स का बचा हुआ जूठा खाना भी खिलाया गया। पीड़ित छात्र की शिकायत पर अजनी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 19 वर्षीय शिकायतकर्ता छात्र मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर का निवासी है और बीडीएस प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि 26 अक्टूबर की रात से 27 अक्टूबर की शाम के बीच हॉस्टल के कमरा नंबर 104 और कॉलेज की मेस में तीन जूनियर विद्यार्थियों को निशाना बनाया गया। शिकायत के मुताबिक, सीनियर छात्रों ने जूनियर विद्यार्थियों को धमकाते हुए कहा कि यदि उन्हें कॉलेज में पढ़ाई करनी है, तो उनके निर्देशों का पालन करना होगा। इसके बाद तीनों विद्यार्थियों को कपड़े उतारने, सिर झुकाकर खड़े रहने और मुर्गा बनने के लिए मजबूर किया गया। आरोप है कि उन्हें लड़कियों के कपड़े पहनाकर मेस में ले जाया गया और सीनियर्स का बचा हुआ जूठा खाना खिलाया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।

चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर

पीड़ित छात्र की शिकायत पर अजनी पुलिस ने आयुष सी.आर., नरेंद्र सिंह, अमान खान और एक अन्य अज्ञात युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र रैगिंग प्रतिबंध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Popular Articles