नागपुर :- शहर में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। यूनाइटेड चर्च ऑफ नवीन ट्रस्ट एसोसिएशन की जमीन का आपराधिक षड्यंत्र रचकर अपरिवर्तनीय मुखत्यारपत्र तैयार करने और जमीन लीज पर देने का करार कर 29 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। इस मामले में सदर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रायपुर , छत्तीसगढ़ निवासी नितिन हर्षल लॉरेंस (39) यूनाइटेड चर्च ऑफ न्यू ट्रस्ट एसोसिएशन में डायरेक्टर एवं ट्रस्टी के पद पर कार्यरत हैं। आरोपियों ने आपसी मिलीभगत कर ट्रस्ट की मौजा सीताबर्डी स्थित खसरा नंबर 176/1, सिटी सर्वे नंबर 1678, शीट नंबर 29 और 36 की कुल 5,058.10 वर्ग मीटर जमीन के संबंध में अपरिवर्तनीय मुखत्यारपत्र तैयार करने का प्रलोभन दिया। इसके बाद उक्त जमीन नंदकुमार हीराचंदानी को लीज पर देने का करार किया और उनसे 29 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। इस मामले में सुभाष तुकाराम भालेराव (69) और देवधन गोविंद भाम्मल (72), दोनों अहमदनगर निवासी तथा अमरावती निवासी गोपाल बर्फीलाल गुप्ता (54) के नाम शिकायत में सामने आए हैं। शिकायत के आधार पर सदर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120(ब) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






