spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

हल्दी की रस्म में युवक पर चाकू से हमला

– दो युवतियों से छेड़छाड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद

नागपुर :- हुड़केश्वर थाना क्षेत्र के प्रेरणा नगर में बहन की शादी से एक दिन पहले आयोजित हल्दी समारोह के दौरान खूनी हमला होने की घटना सामने आई है। दो युवतियों से छेड़छाड़ को लेकर शुरू हुए विवाद में आरोपियों ने 20 वर्षीय युवक पर चाकू जैसे धारदार हथियार से पेट में दो वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे पीयूष गुप्ता की बहन की शादी के चलते घर में हल्दी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पीयूष के दोस्तों सचित निघोटे और वेदांत बरडे की मुंहबोली बहनों के साथ महालक्ष्मी नगर गार्डन परिसर में कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ और गाली-गलौज की गई। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। जानकारी मिलने पर पीयूष अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा। वहां आरोपियों के साथ कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान सचित के हाथ पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया। विवाद के बाद आरोपियों ने पीयूष गुप्ता को प्रेरणा नगर नाले के सामने अकेला पाकर उसके साथ गाली-गलौज की और पेट पर चाकू से दो वार कर दिए। अचानक हुए हमले में पीयूष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में हुड़केश्वर पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीयूष बागडे और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Popular Articles