अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को इस सीजन का पहला करोड़पति मिल गया है। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के छोटे से गांव के रहने वाले 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने अपने ज्ञान और सूझबूझ के दम पर एक करोड़ रुपये की रकम जीत ली है। हालांकि, वह सात करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल का सही जवाब नहीं दे सके।
भूषण इतिहास में स्नातक हैं और फिलहाल पीएचडी के दूसरे वर्ष में पढ़ाई कर रहे हैं। इसके साथ ही वह वर्ष 2020 से यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं।
उनका परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है। उनके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि मां मनरेगा के तहत काम कर परिवार की आर्थिक मदद करती रही हैं। परिवार की मासिक आय भी सीमित है। ऐसे में एक करोड़ रुपये की जीत उनके परिवार के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
भूषण का केबीसी तक पहुंचने का सफर भी संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने वर्ष 2016 में पहली बार शो के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन कई वर्षों तक ऑडिशन का मौका नहीं मिला। वर्ष 2021 में उन्हें पहली बार ऑडिशन का अवसर मिला। लगातार कोशिशों और करीब दस साल के इंतजार के बाद आखिरकार उन्होंने हॉट सीट तक पहुंचकर एक करोड़ रुपये जीत लिए।






