मुंबई :- फिल्म ‘धुरंधर’ में अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचने वाली अभिनेत्री सारा अर्जुन के हाथ एक और बड़ा प्रोजेक्ट लगा है। खबरों के मुताबिक, यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली आगामी म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म में सारा मुख्य भूमिका निभा सकती हैं। इस फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह फिल्म आज के दौर के प्यार और रिश्तों पर आधारित होगी। खास बात यह है कि इसमें कुल आठ गाने होंगे, जो कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
फिल्म में सारा अर्जुन के अपोजिट ओटीटी अभिनेता अंबरीश वर्मा नजर आ सकते हैं। अंबरीश को ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ और ‘एनसीआर डेज’ जैसी वेब सीरीज में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है। हालांकि, फिल्म की कास्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
फिलहाल फिल्म प्री-प्रोडक्शन के चरण में है और मेकर्स इसकी स्क्रिप्ट तथा संगीत पर काम कर रहे हैं। योजना के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग जनवरी 2027 में पंजाब की लोकेशंस पर शुरू हो सकती है। ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद सारा अर्जुन के करियर में यह एक और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट साबित हो सकता है।






