spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पहले दोस्त को पीटकर भगाया फिर युवती से किया दुष्कर्म

– नागपुर हवाई अड्डे समीप सुनसान अमराई में वारदात

नागपुर :- शहर के सोनेगांव पुलिस थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नागपुर हवाई अड्डे समीप आमराई के सुनसान इलाके में एक अज्ञात आरोपी ने 19 वर्षीय युवती को अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के दौरान आरोपी ने युवती के साथ मौजूद उसके दोस्त को बेरहमी से पीटा और वहां से भगा दिया। इसके बाद युवती को डराकर उसके साथ दरिंदगी की और उसके पास मौजूद नकदी व गहने लेकर फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती 23 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे अपने एक दोस्त के साथ अमराई परिसर में गई थी। इसी दौरान करीब 12.15 बजे एक युवक वहां पहुंचा। उसने युवती को धमकाते हुए दावा किया कि उसके पास युवती के कुछ अश्लील फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें वह सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने युवती के दोस्त के साथ मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। दोस्त के चले जाने के बाद आरोपी ने युवती को धमकाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी युवती के पास मौजूद नकदी और गहने भी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद मानसिक सदमे में आई युवती ने मंगलवार को अपने परिजनों के साथ सोनेगांव पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्केच के जरिए पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने भी समानांतर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी का स्केच तैयार किया गया है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद अपराधियों के फोटो दिखाकर भी आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Popular Articles