– चाकू दिखाकर नाश्ता सेंटर संचालक से मांगी रंगदारी
नागपुर :- शहर के मोमिनपुरा इलाके में रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। यहां नाश्ते का ठेला लगाने वाले एक युवक से आरोपी ने चाकू दिखाकर हर महीने 10 हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर ठेला नहीं लगाने देने और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में तहसील पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फिरौती का मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता एमएलए कैंटीन के पास, मोमिनपुरा निवासी सैयद आतीफ अली (24) अपने नाश्ता सेंटर के सामने मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी चूड़ी गली, मोमिनपुरा निवासी ऐहतेश्याम रफीक खान उर्फ बहेरा (26) वहां पहुंचा। आरोपी ने नशा करने के लिए शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये मांगे। शिकायतकर्ता ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी ने चाकू निकालकर उन्हें दिखाया। साथ ही धमकाया कि यदि मोमिनपुरा में नाश्ते का ठेला चलाना है तो हर महीने 10 हजार रुपये देने होंगे, अन्यथा यहां ठेला नहीं लगाने दिया जाएगा। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने तहसील पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत खंडणी और धमकी का मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।






