spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

फायरिंग मामले में दोनों गैंग पर मामला दर्ज

– 8 आरोपी गिरफ्तार, 20 जुलाई तक पीसीआर

नागपुर :- पांचपावली थाना क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई गैंगवार और फायरिंग के मामले में पुलिस ने दोनों गैंगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस प्रकरण में अब तक 13 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनमें से 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को 20 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राकेश भुरे, मयूर उर्फ दातर्या अड़तिया, नचिकेत उर्फ छोटू भांजा झाड़े, अजय चिंचखेड़े, राहुल शिंदे, दुर्गेश गुप्ता, अश्विन उर्फ अच्छी इंदूरकर और क्रिश ठाकुर शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि कमाल चौक स्थित शनिचरा मार्केट क्षेत्र में अजय चिंचखेड़े और जगदीश गोखले के गिरोह के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले एमडी ड्रग्स मामले में हुई गिरफ्तारी के बाद जगदीश गोखले को शक था कि उसकी गिरफ्तारी की सूचना अजय ने ही पुलिस को दी थी। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वह अपने साथियों के साथ अजय से जवाब मांगने शनिचरा मार्केट पहुंचा। उसी समय अजय अपने साथियों के साथ एक जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि अजय के साथियों ने चाकू और तलवार से हमला करने का प्रयास किया, जबकि जगदीश ने पिस्तौल निकाल ली। पिस्तौल छीनने की कोशिश के दौरान धक्का-मुक्की में गोली चल गई। गोली चलने के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पांचपावली पुलिस ने दोनों गिरोहों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, जगदीश गोखले, अंकित चावड़े, राहुल शिरसाठ, आकाश पराते और सौरभ असज्जा अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Popular Articles