– 79 सक्रिय आरोपियों की पहचान और जानकारी साझा
नागपुर :- नागपुर पुलिस आयुक्तालय के दक्षिण प्रभाग में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को अपराधियों के आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के निर्देश एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के 17 पुलिस थानों से गिरफ्तार और अपराध अभिलेखों में दर्ज 79 सक्रिय आरोपियों को एक साथ प्रस्तुत किया गया।
दक्षिण प्रभाग के अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त नरेंद्र हिवरे (अजनी विभाग), रोहित ओव्हाड (कलमना विभाग) और रोशन पंडित (सक्करदरा विभाग) सहित संबंधित थाना प्रभारी, जांच अधिकारी और एमओबी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय अपराधियों की पहचान कराना, उनके अपराध करने के तरीकों की जानकारी देना तथा उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी का प्रभावी आदान-प्रदान सुनिश्चित करना था।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी ने सीसीसी प्रणाली और सिम्बा ऐप की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि गिरफ्तार आरोपियों की पूरी जानकारी समय पर सिस्टम में अपडेट की जाए। साथ ही आरोपियों के डोजियर, फिंगरप्रिंट, मोडस ऑपरेंडी और अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का संकलन कर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नागपुर पुलिस ने बताया कि अब इस प्रकार का आदान-प्रदान कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार को पुलिस भवन में गिरफ्तार आरोपियों तथा प्रत्येक बुधवार को क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय अपराधियों को उपस्थित कर पुलिस अधिकारियों के बीच जानकारी साझा की जाएगी, जिससे अपराधों की रोकथाम और जांच को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।




