गडचिरोली :- जिले में पिछले कुछ दिनों से डीजल की कमी के बीच आष्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधीनगर क्षेत्र में अवैध रूप से जमा किए गए डीजल के भंडार पर छापा मारा. इस कार्रवाई में 1,599 लीटर डीजल, पांच प्लास्टिक बैरल तथा बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित लगभग 8 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है. पुलिस ने अवैध डीजल कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. इस मामले में किशोर विश्वजीत बिश्वास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. गांधीनगर में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर उसकी बिक्री किए जाने की सूचना आष्टी पुलिस को मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर जांच की. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में डीजल संग्रहित पाया गया. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 1,599 लीटर डीजल, पांच प्लास्टिक बैरल और परिवहन में उपयोग की जा रही बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया.








