– पिकनिक से लौट रहे थे 50 विद्यार्थी, हादसे में 25 से अधिक घायल
कन्नौज :- उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रहे स्कूली बच्चों से भरी सड़क किनारे खड़ी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक विद्यार्थी घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, हादसा तड़के करीब 5.45 बजे ठठिया थाना क्षेत्र में हुआ। बस में करीब 50 विद्यार्थी और आठ शिक्षक सवार थे। सभी मथुरा से शैक्षणिक भ्रमण (पिकनिक) कर कौशांबी लौट रहे थे। इसी दौरान बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया गया था। तभी आगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज में घायलों का उपचार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर करने की तैयारी की गई। अन्य घायल बच्चों का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है।
मृतकों में 14 से 17 वर्ष के बच्चे
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, पुत्र प्रेम कुमार चौरसिया, 16 वर्षीय रजिउल्ला, पुत्र शमी उल्ला, निवासी अफजलपुरवारी, मोहब्बतपुर पइंसा तथा 17 वर्षीय जैदमिर्जा, पुत्र रियाज अहमद, निवासी निदौरा, फतेहपुर और 17 वर्षीय अरमान, पुत्र रियाज अहमद, निवासी गौरे खकरेड़, फतेहपुर के रूप में हुई है।
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






