नागपुर :- पांचपावली पुलिस ने शनिचरा बाजार के पास चाकू लेकर घूम रहे 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद ताबिश हयात रहीम खान, निवासी अंसारनगर, मोमिनपुरा, वर्तमान निवासी इस्माइलपुरा, नवीन कामठी, नागपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चाकू और एक्टिवा सहित कुल 61 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 2.45 बजे पाचपावली पुलिस की टीम थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शनिचरा बाजार के ओटले के पास एक्टिवा पर सवार एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पंचों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से 1,000 रुपये कीमत का लोहे का बड़ा चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू के साथ एक्टिवा क्रमांक एमएच-40-बीवी-3076 भी जब्त की। दोनों की कुल कीमत 61 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिसकर्मी विनोद समदुरे की शिकायत पर पांचपावली थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 4 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।








