– उपचार के दौरान तीन दिन बाद तोड़ा दम
नागपुर :- गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के बजरंग चौक के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 16 वर्षीय किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बोरगांव, प्रशांत कॉलोनी, गिट्टीखदान, नागपुर निवासी रेहान जावेद दीवान के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच के बाद कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे रेहान अपने मित्र हफीज शेख के साथ दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच-31/ जीबी-5416 से बजरंग चौक के पास एटीएम के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान चारपहिया वाहन क्रमांक एमएच-31/ ईयू-3301 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से उनकी दुपहिया को टक्कर मार दी। हादसे में रेहान और उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 14 अक्टूबर को सुबह 4.20 बजे डॉक्टरों ने रेहान को मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में इस मामले में आकस्मिक मृत्यु दर्ज की गई थी।आकस्मिक मृत्यु की जांच में कार चालक की लापरवाही रेहान की मौत का कारण पाए जाने के बाद उसके पिता जावेद मुस्तफा दिवाण (44) की शिकायत पर गिट्टीखदान पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।








