spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

जरीपटका में प्रतिबंधित तंबाकू जब्त, आरोपी गिरफ्तार

– नारा गांव में पुलिस की छापेमारी, 24.840 किलो माल बरामद

नागपुर :- जरीपटका पुलिस थाना क्षेत्र के नारा गांव में पुलिस उपायुक्त परिमंडल क्रमांक 6 की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित तंबाकू जन्य पदार्थों का भंडार जब्त किया। इस मामले में पवनपुत्र सोसाइटी, नारा बस स्टैंड के पास, जरीपटका निवासी मयूर अशोक यादव (40) को गिरफ्तार किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 56,485 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को दोपहर करीब 12.30 बजे विशेष टीम को शासन द्वारा प्रतिबंधित तंबाकू जन्य पदार्थों की अवैध बिक्री की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पंचों की मौजूदगी में नारा गांव स्थित माता मंदिर के पास छापेमारी की गई। इस दौरान आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 24.840 किलोग्राम सुगंधित तंबाकू के पैकेट, राजश्री, विमल, पीके, केपी ब्लैक सहित अन्य ब्रांडों के पैकेट और पाउच तथा तंबाकू के डिब्बे बरामद किये गये। पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित पदार्थों को मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने की जानकारी के बावजूद आर्थिक लाभ के उद्देश्य से बिक्री के लिए रखा गया था। इस मामले में पुलिस हवलदार रोमेश मेनेवार की शिकायत पर जरीपटका थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को जब्त माल सहित जरीपटका पुलिस के हवाले किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त विनीता शाहू, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल और सहायक पुलिस आयुक्त सत्यवीर बंदीवार के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल ढोकणे, पुलिस हवलदार अरुण चांदणे, पुलिसकर्मी स्नेहदीप पानतावणे, सचिन टांगले और महिला पुलिस हवलदार आशा वानखेड़े शामिल थे।

Popular Articles