– चौराहों पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
नागपुर :- गोरेवाड़ा रिंग रोड पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. आए दिन सड़क दुर्घटनाओं के शिकार होकर वाहन चालक गंभीर रूप से जख्मी हो रहे हैं. इस मार्ग पर कई जानलेवा हादसे भी हो चुके हैं. इसके बावजूद प्रशासन रोड सेफ्टी की ओर गंभीरता नहीं बरत रहा है. सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए स्थानीय नागरिकों ने स्पीडब्रेकर लगाने की मांग की है. जमाअत ए इस्लामी हिंद नागपुर के मीडिया सचिव डॉ. एमए रशीद ने बताया कि हाल ही में यहां दोपहिया वाहन चालक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया. शाम लॉन के पास हुए हादसे में मारूफ खान नामक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हुआ. हादसे में खान का पैर फ्रैक्चर हो गया. विगत दिनों भी गोरेवाड़ा रिंग रोड पर इस तरह का हादसा हुआ था जिसमें वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था. भारी वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं की मुख्य वजह है. तेज रफ्तार के कारण होने
वाली दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिक चौराहे के चारों ओर स्पीडब्रेकर लगाने की मांग कर रहे हैं.
लिखित निवेदन के बावजूद एक्शन नहीं
रिंग रोड पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रकाश डालते हुए डॉ. एमए रशीद ने आगे बताया कि गत वर्ष स्पीडब्रेकर को लेकर प्रशासन को लिखित निवेदन दिया गया था. इसके बावजूद अब तक कोई एक्शन नहीं लिया गया. प्रशासन को गोरेवाड़ा रिंग रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही को पूर्णतः प्रतिबंधित कर नेशनल हाईवे 53 को खोलने में देर नहीं करनी चाहिए.








