मुंबई :- मलाड (पश्चिम) के एक स्थानीय राजनेता पर 37 वर्षीय मॉडल से 35 लाख रुपये की ठगी का गंभीर मामला दर्ज किया गया है. बांगुर नगर पुलिस ने धोखाधड़ी, विश्वासघात और धमकी के आरोप में एफआईआर दर्ज की है. शिकायतकर्ता, जो एक मॉडल हैं, ने बताया कि 2023 में सोशल मीडिया ऐप के जरिए उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी. जिसने खुद को मर्चेंट नेवी में मुख्य अभियंता बताया था. दोनों के बीच संबंध बने और शादी हो गई, लेकिन कुछ महीनों बाद उसने अचानक संपर्क तोड़ दिया. इससे विक्षिप्त होकर शिकायतकर्ता ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था. इस दौरान आरोपी राजनेता (जो शिकायतकर्ता के पड़ोसी है) और उनकी पत्नी ने अस्पताल पहुंचकर उसका इलाज कराया था. अस्पताल से छुट्टी के बाद आरोपी ने पूर्व पति के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराने के बहाने मदद का वादा किया और 10 लाख रुपये लिया है. मई 2025 में संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज हुई. बाद में उसने और 5 लाख रुपये मांगे, जो शिकायतकर्ता ने दे दिए. आरोपी ने जूते-चप्पल के कारोबार में निवेश का लालच देकर 2024 से जुलाई 2025 तक कुल 20 लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन कोई मुनाफा नहीं दिया. जब शिकायतकर्ता ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने धमकियां दीं और रकम लौटाने से इनकार कर दिया था.








