spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

आंगनवाड़ियों की सुध लेगी मनपा

– महिला-बाल कल्याण समिति की बैठक में सुविधाओं और योजनाओं पर मंथन

नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका (मनपा) की महिला एवं बाल कल्याण विशेष समिति की बैठक सोमवार को समिति सभापति सारिका नांदुरकर की अध्यक्षता में डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों की सुविधाओं एवं समस्याओं, महिला समुपदेशन कार्यशाला, सिलाई मशीन वितरण योजना, अध्ययन दौरा और महिला उद्यमी मेले सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में समिति की उपसभापति तारा (लक्ष्मी) यादव, समिति सदस्य चेतना निमजे, माहेश्वरी बिसेन, कल्पना द्रोणकर, लक्ष्मी हत्तीठेले, तासनीम परवीन नियामत खान ताजी तथा शीला तराले उपस्थित थीं। इसके अलावा मनपा उपायुक्त डॉ. रंजना लाडे, चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी दीपक सेलोकर, बाल विकास परियोजना अधिकारी (दक्षिण) रणजीत कुऱ्हे, बाल विकास परियोजना अधिकारी (उत्तर)रूपा मोहितकर, बाल विकास परियोजना अधिकारी (पश्चिम) भारती मानकर, बाल विकास परियोजना अधिकारी (पूर्व) अपर्णा कोल्हे, उपशिक्षण अधिकारी सीमा खोब्रागडे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा

बैठक में समिति सभापति सारिका नांदुरकर ने शहर के आंगनवाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और वहां आने वाली समस्याओं की समीक्षा की। बाल विकास परियोजना अधिकारी (दक्षिण) रणजीत कुऱ्हे ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों की जानकारी समिति के समक्ष रखी।

इस दौरान मनपा की ऐसी इमारतें, जो वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं, उन्हें आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए उपलब्ध कराने के संबंध में भी सकारात्मक चर्चा की गई। इससे आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए आवश्यक स्थान की समस्या को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई।

महिला समुपदेशन कार्यशाला पर जोर

बैठक में महिला समुपदेशन कार्यशाला आयोजित करने के संबंध में भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं के माध्यम से महिलाओं को कानून और सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ ही उन्हें जागरूक किया जा सकता है। साथ ही पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में भी यह पहल उपयोगी साबित हो सकती है।

जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें

जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मनपा की सिलाई मशीन वितरण योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि योजना के तहत जल्द ही सिलाई मशीनों का वितरण किया जा सकेगा और पात्र जरूरतमंद महिलाओं को इसका लाभ दिया जाएगा।

बैठक में यह सुझाव भी दिया गया कि योजना के तहत लाभ लेने के लिए शासकीय, अर्ध शासकीय अथवा अन्य संस्थाओं का प्रशिक्षण प्रमाणपत्र अनिवार्य किए जाने के नियम में शिथिलता बरती जाए। सदस्यों ने मांग की कि प्रशिक्षण प्रमाणपत्र के साथ अनुभव प्रमाणपत्र को भी मान्य किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाएं योजना का लाभ उठा सकें।

बैठक में महिला उद्यमी मेले, अध्ययन दौरे सहित समिति से संबंधित अन्य प्रस्तावित उपक्रमों पर भी चर्चा की गई।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.